International Film Festival in Jammu-Kashmir: 50 देशों से आईं 875 फिल्में, 30 जुलाई तक करें आवेदन

जम्मू-कश्मीर में पहली बार आयोजित होने जा रहे जम्मू-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफजेके)-2026 को लेकर फिल्मकारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा ह
जम्मू-कश्मीर में पहली बार आयोजित होने जा रहे जम्मू-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफजेके)-2026 को लेकर फिल्मकारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक इस महोत्सव में लगभग 50 देशों से 875 फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। यह संख्या इस बात का संकेत है कि जम्मू-कश्मीर सरकार की यह पहल न केवल फिल्म निर्माण के क्षेत्र में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य की पहचान को मजबूत करने में सहायक सिद्ध हो रही है। फिल्म महोत्सव के लिए प्रविष्टियां भेजने की प्रक्रिया 30 जुलाई तक जारी रहेगी, जिसके बाद चयन प्रक्रिया का आरंभ होगा। यह महोत्सव सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में 7 से 10 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।
इस महोत्सव के आयोजकों का कहना है कि देश और विदेश से मिली इस उत्साहजनक प्रतिक्रिया से यह स्पष्ट होता है कि जम्मू-कश्मीर अब केवल पर्यटन का केंद्र नहीं रह गया है, बल्कि यह फिल्म निर्माण और रचनात्मक गतिविधियों का भी प्रमुख स्थल बनता जा रहा है। 50 देशों से प्राप्त प्रविष्टियां महोत्सव को एक अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करेंगी, जिसमें विभिन्न संस्कृतियों, विषयों और फिल्म निर्माण की विविध शैलियों का संगम देखने को मिलेगा। चार दिवसीय इस महोत्सव में चयनित फिल्मों का प्रदर्शन, विशेषज्ञों के संवाद सत्र, मास्टर कक्षाएं, परिचर्चाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस आयोजन में देश-विदेश के फिल्मकार, निर्माता, निर्देशक, कलाकार, सिनेमा विशेषज्ञ, विद्यार्थी और सिनेमा प्रेमी भाग लेंगे।



















