Inspiring Auto Driver in Vadodara: वडोदरा की महिला रात 3 बजे ऑटो चलाकर मरीजों को मुफ्त राइड देती है

गुजरात के वडोदरा से एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है, जिसमें एक महिला रात के अंधेरे में ऑटो चलाकर न केवल अपनी आजीविका कमा रही हैं, बल्कि आपातकालीन स्थिति में अस
गुजरात के वडोदरा से एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है, जिसमें एक महिला रात के अंधेरे में ऑटो चलाकर न केवल अपनी आजीविका कमा रही हैं, बल्कि आपातकालीन स्थिति में अस्पताल जाने वाले मरीजों के लिए मददगार साबित हो रही हैं। यह कहानी तब सामने आई जब इंस्टाग्राम यूजर संयम गर्ग ने रात करीब 3 बजे सड़क पर एक महिला को ऑटो चलाते देखा। उन्होंने उनकी मेहनत और जज्बे को देखकर एक वीडियो बनाया और इसे सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में संयम कहते हैं, "दुनिया को ऐसे ही लोगों की जरूरत है।"
महिला के ऑटो पर लिखा संदेश इस बात को दर्शाता है कि वह बिना किसी लालच के रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक अस्पताल जाने वालों को मुफ्त राइड देती हैं। यह उनकी मानवता और सेवा का एक अनूठा उदाहरण है। महिला के पति का भी इस कहानी में महत्वपूर्ण योगदान है। पहले वह खुद ऑटो चलाते थे, लेकिन उन्होंने अपनी पत्नी को गाड़ी चलाना सिखाया और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस कपल के साहस और समर्पण ने उन्हें एक प्रेरणादायक जोड़ी बना दिया है। पति ने समाज के तानों की परवाह किए बिना हमेशा अपनी पत्नी का समर्थन किया है, और अब तक उन्होंने करीब 50 अन्य महिलाओं को भी ऑटो चलाना सिखाकर आत्मनिर्भर बनने में मदद की है। सोशल मीडिया पर इस कपल को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सकारात्मक आ रही हैं। कोई उन्हें प्रेरणादायक कहता है तो कोई कहता है कि देश को ऐसे ही सोच वाले लोगों की जरूरत है।



















