Critical Care Hospital in Bettiah: बेतिया के अति गंभीर मरीजों को मिलेगी राहत, 44.50 करोड़ से बनेगा क्रिटिकल केयर अस्पताल

बेतिया जिले के गंभीर मरीजों के लिए एक नई उम्मीद की किरण सामने आई है। शहर के हजारी परिसर में लगभग 3 एकड़ 70 डिसिमिल भूमि पर 44 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से एक अ
बेतिया जिले के गंभीर मरीजों के लिए एक नई उम्मीद की किरण सामने आई है। शहर के हजारी परिसर में लगभग 3 एकड़ 70 डिसिमिल भूमि पर 44 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। यह अस्पताल प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत स्थापित किया जाएगा, जिसके लिए आवश्यक भूमि का चयन कर लिया गया है और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के लिए तत्पर हैं। टेंडर प्रक्रिया के संपन्न होने के बाद निर्माण कार्य शीघ्र ही आरंभ होगा, और इसे अगले दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस नए क्रिटिकल केयर ब्लॉक में 24 घंटे आपातकालीन और गहन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। अस्पताल में आधुनिक आईसीयू, नवजात शिशुओं के लिए एनआईसीयू (NICU), बच्चों के लिए पीआईसीयू (PICU), हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) और जटिल ऑपरेशनों के लिए अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर स्थापित किए जाएंगे। क्रिटिकल केयर ब्लॉक एक विशेष चिकित्सा इकाई होती है, जहां अति-गंभीर स्थिति वाले मरीजों का इलाज किया जाता है। यहां पर आधुनिक वेंटिलेटर, डायलिसिस और चौबीसों घंटे जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध रहेंगे। गंभीर हादसों, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक या मल्टी-ऑर्गन फेलियर जैसी स्थितियों में मरीजों को तुरंत विशेषज्ञ उपचार मिलेगा।



















