Heatwave in Tokyo Zoo: गर्मी से शेरनियों की मौत, जानवरों की हालत गंभीर

जापान के टोक्यो में गर्मी की लहर ने चिड़ियाघर के जानवरों को भी प्रभावित किया है। तामा जूलॉजिकल पार्क में पिछले एक हफ्ते में तीन मादा शेरनियों की मौत होने की खबर
जापान के टोक्यो में गर्मी की लहर ने चिड़ियाघर के जानवरों को भी प्रभावित किया है। तामा जूलॉजिकल पार्क में पिछले एक हफ्ते में तीन मादा शेरनियों की मौत होने की खबर सामने आई है। चिड़ियाघर के अधिकारियों का मानना है कि इन शेरनियों की मौत का मुख्य कारण हीट स्ट्रोक हो सकता है। जांच में यह पाया गया है कि शेरनियों के शरीर में पानी की कमी और कई अंगों पर असर के संकेत मिले हैं। यह घटना टोक्यो में जुलाई के महीने में अचानक तापमान के बढ़ने के बाद हुई, जब वहां का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इस गर्मी के कारण चिड़ियाघर के अन्य शेरों की स्थिति भी खराब हो गई थी, जिससे उन्हें इलाज की आवश्यकता पड़ी। चिड़ियाघर के अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के साथ उमस ने शेरों के लिए अपने शरीर का तापमान सामान्य रखना मुश्किल बना दिया था।
टोक्यो में जुलाई के दौरान तापमान में अचानक वृद्धि के बाद चिड़ियाघर के ज्यादातर शेरों की हालत बिगड़ने लगी थी। शेरों ने खाना कम करना शुरू कर दिया था और वे सुस्त रहने लगे थे। कुछ शेरों को चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता भी पड़ी। चिड़ियाघर ने 23 जुलाई से शेरों को जनता के सामने दिखाना बंद कर दिया था। इस दौरान, चिड़ियाघर के कर्मचारियों ने शेरों को ठंडा रखने के लिए पानी का छिड़काव किया और जरूरत पड़ने पर उन्हें दवाएं और ड्रिप के जरिए इलाज भी दिया गया। चिड़ियाघर के अधिकारियों ने यह भी बताया कि अभी तक किसी अन्य जानवर में बीमारी के लक्षण नहीं मिले हैं, लेकिन सभी जानवरों की देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।



















