Fake Milk Production in Ranchi: गुदड़ी चौक पर केमिकल से बन रहा था नकली दूध, वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन में सिविल सर्जन

रांची के गुदड़ी चौक में नकली दूध बनाने का मामला सामने आया है, जिसमें केमिकल और पानी मिलाकर दूध तैयार किया जा रहा था। यह मामला तब उजागर हुआ जब इंटरनेट मीडिया पर
रांची के गुदड़ी चौक में नकली दूध बनाने का मामला सामने आया है, जिसमें केमिकल और पानी मिलाकर दूध तैयार किया जा रहा था। यह मामला तब उजागर हुआ जब इंटरनेट मीडिया पर इस प्रक्रिया का एक वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रांची के सिविल सर्जन डॉ. अमरेश प्रसाद ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो शुक्रवार को संबंधित प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर जांच करेगी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुदड़ी चौक स्थित एक प्रतिष्ठान में मिलावट के जरिए नकली दूध का उत्पादन किया जा रहा था। यह दूध संभवतः राजधानी के विभिन्न इलाकों में बेचा जा रहा था, जिससे आम लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा था। इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। सिविल सर्जन डॉ. अमरेश प्रसाद ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट एक गंभीर अपराध है और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित प्रतिष्ठान और उसके संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















