Accident in Ghazipur: डंपर की टक्कर से निजी चिकित्सक की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

गाजीपुर में बुधवार को एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से 40 वर्षीय निजी चिकित्सक संजय राम की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा गाजीपुर-जमानियां-सैयदराजा राष्ट्रीय राजम
गाजीपुर में बुधवार को एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से 40 वर्षीय निजी चिकित्सक संजय राम की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा गाजीपुर-जमानियां-सैयदराजा राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर गरुआ मकसूदपुर गांव के समीप हुआ। संजय राम बाइक से गाजीपुर जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे डंपर ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट पहनने के बावजूद उनके सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित फरार हो गया, जिससे नाराज ग्रामीणों ने हाईवे को जाम कर दिया। जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीएम जमानियां निधि और सीओ अंकित कुमार ने काफी प्रयास किए, लेकिन ग्रामीणों ने अपनी मांगों पर अड़े रहे। जाम करीब नौ घंटे तक बना रहा, जो कि सुबह 9.30 बजे शुरू हुआ और शाम 5.30 बजे समाप्त हुआ।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने संजय राम के शव को राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे गाजीपुर-जमानियां मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इस दौरान वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। संजय राम तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और वह ढढ़नी में एक निजी क्लीनिक संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी उर्मिला और पुत्र आदर्श हैं। छोटे भाई अक्षय उर्फ मिंटू ने आरोप लगाया कि राजमार्ग किनारे नाले के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों और सड़क पर फैली मिट्टी के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे यह गंभीर हादसा हुआ।
















