Air India Flight Scare: फुकेत से दिल्ली आ रही उड़ान में यात्रियों ने महसूस किया मौत का खौफ

गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। एअर इंडिया की एक उड़ान में केवल दो मिनट का समय यात्रियों के लिए बेहद डरावना साबित हुआ। फुकेत से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के विमान म
गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। एअर इंडिया की एक उड़ान में केवल दो मिनट का समय यात्रियों के लिए बेहद डरावना साबित हुआ। फुकेत से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के विमान में सवार 134 यात्रियों ने उस समय को मौत के करीब महसूस किया जब विमान अचानक बुरी तरह डगमगाने लगा। एअरबस A320 ने पलभर में करीब 300 फीट नीचे गिरकर यात्रियों को एक भयावह अनुभव दिया। तेज झटकों के कारण कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर केबिन की छत और आसपास के हिस्सों से टकरा गए। इस घटना में 11 यात्री और चार क्रू मेंबर घायल हो गए। हालांकि, पायलटों की सूझबूझ से विमान को संभाल लिया गया और सुबह करीब 11 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
उड़ान संख्या AI2379 ने सुबह 8:41 बजे थाइलैंड के फुकेत से 134 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के करीब डेढ़ घंटे बाद, जब अधिकांश यात्री आराम कर रहे थे या सो रहे थे, तभी क्रूज चरण के दौरान विमान अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गया। यात्रियों के अनुसार, लगभग दो मिनट तक विमान बुरी तरह हिलता-डुलता रहा। झटके इतने तेज थे कि केबिन की सीलिंग तक को नुकसान पहुंच गया। यात्रियों ने उस भयावह पल को याद करते हुए बताया कि बिना सीट बेल्ट लगाए बैठे कई लोग अपनी सीटों से उछलकर सीधे विमान की छत और गलियारे में जा गिरे।
















