Building Collapse in Agra: आगरा में 120 साल पुरानी इमारत अचानक गिरी, जनहानि से बचा बड़ा हादसा

ताजनगरी आगरा में लगातार हो रही बारिश के कारण पुराने और जर्जर भवनों पर असर पड़ने लगा है। शुक्रवार को थाना छत्ता क्षेत्र के बेलनगंज बाजार में लगभग 120 साल पुरानी
ताजनगरी आगरा में लगातार हो रही बारिश के कारण पुराने और जर्जर भवनों पर असर पड़ने लगा है। शुक्रवार को थाना छत्ता क्षेत्र के बेलनगंज बाजार में लगभग 120 साल पुरानी एक दो मंजिला इमारत अचानक गिर गई। इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह जर्जर मकान संदीप जैन का था, जो लंबे समय से खाली पड़ा हुआ था। लगातार बारिश के कारण इमारत की दीवारें और नींव कमजोर हो चुकी थीं। अचानक मकान का अगला हिस्सा सड़क की तरफ गिर पड़ा, लेकिन घटना के समय वहां से कोई राहगीर नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
हालांकि, इमारत के बाहर खड़ी एक स्कूटी मलबे के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना का खौफनाक दृश्य पास में लगे कैमरे और लोगों के मोबाइल में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर, पुलिस ने बेलनगंज बाजार वाले रास्ते पर यातायात को डायवर्ट कर दिया है। नगर निगम की टीम जेसीबी की मदद से मलबे को हटाने में जुटी हुई है ताकि आवागमन सामान्य हो सके। प्रशासन ने अन्य जर्जर मकानों को लेकर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।















