Bulldozer action against drug trafficker: मोहाली में नशा तस्कर के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर

मोहाली में पंजाब सरकार के 'युद्ध नशों के विरुद्ध' अभियान के तहत मंगलवार को बड़माजरा क्षेत्र में एक नशा तस्कर के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया
मोहाली में पंजाब सरकार के 'युद्ध नशों के विरुद्ध' अभियान के तहत मंगलवार को बड़माजरा क्षेत्र में एक नशा तस्कर के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस, ग्राम पंचायत और सिविल प्रशासन की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के अनुसार, यह निर्माण अनिल नामक व्यक्ति द्वारा नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से पंचायत की शामलात भूमि पर कब्जा कर बनाया गया था। इस कार्रवाई के दौरान एसएसपी हरमनदीप सिंह हांस के दिशा-निर्देशन में पुलिस कप्तान मनप्रीत सिंह, एसपी दीपिका सिंह और डीएसपी ईशान सिंगला मौके पर मौजूद थे। डीएसपी ईशान सिंगला ने बताया कि अनिल को कई बार अवैध गतिविधियां छोड़ने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन वह नशा तस्करी में लगातार सक्रिय रहा। उसका मकान नशे के कारोबार के संचालन के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। इस कार्रवाई से न केवल अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया, बल्कि नशे के कारोबार के खिलाफ एक मजबूत संदेश भी दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अनिल के खिलाफ थाना बलौंगी में 10 जुलाई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 में मामला दर्ज है। फिलहाल अनिल जेल में बंद है। डीएसपी ने बताया कि थाना बलौंगी ने दिसंबर 2025 से नशा विरोधी अभियान को और तेज किया है। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 70 मामले दर्ज किए गए और 103 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों और विलेज डिफेंस कमेटियों के सहयोग से लगातार जागरूकता अभियान भी चलाए हैं। नशे की लत से जूझ रहे लोगों को ओओएटी केंद्रों में भर्ती कर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
















