Police success in Gumla: 80 किलो गांजा के साथ पांच अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

गुमला जिले के पालकोट थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 किलोग्राम गांजा के साथ पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किय
गुमला जिले के पालकोट थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 किलोग्राम गांजा के साथ पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें तस्करी में प्रयुक्त एक आई-20 कार और एक स्कार्पियो वाहन को भी जब्त किया गया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम को पालकोट थाना क्षेत्र के बंगरु पुल के पास एसआई सचिन टोप्पो के नेतृत्व में एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान, संध्या गश्ती के दौरान पुलिस को दो संदिग्ध वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर जब उनकी तलाशी ली, तो आई-20 कार से करीब 80 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद, साथ चल रही स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया गया और दोनों वाहनों में सवार पांच लोगों को मौके से गिरफ्तार कर थाना लाया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जितेंद्र कुमार, अभिषेक कुमार तिवारी, सत्यराज पाल, बबलू कुमार उर्फ राजेश और मोहम्मद दानिस के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद गांजे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही, तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
















