Food for Workers at 5 Rupees: बिहार में मजदूरों को 5 रुपये में मिलेगा भोजन, ठहरने के लिए बनेगा गेस्ट हाउस

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार सरकार ने निर्माण श्रमिकों के लिए एक नई योजना की घोषणा की है, जिसके तहत श्रमिकों को केवल पांच रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार सरकार ने निर्माण श्रमिकों के लिए एक नई योजना की घोषणा की है, जिसके तहत श्रमिकों को केवल पांच रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना का नाम श्रमिक अतिथिशाला और भोजशाला योजना रखा गया है, जो जल्द ही राज्य में लागू की जाएगी। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने इस योजना की जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित की जाएगी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन श्रमिकों को सुरक्षित और सम्मानजनक अस्थायी आवास प्रदान करना है, जो रोजगार की तलाश में शहरों में आते हैं या दूसरे राज्यों से लौटते हैं।
इस योजना के पहले चरण में पटना के नौ प्रमुख स्थानों पर श्रमिक अतिथिशालाओं की स्थापना की जाएगी। इन स्थानों में पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल एरिया, पाटलिपुत्र स्टेशन, बैरिया जीरोमाइल, आइएसबीटी-कंकड़बाग, दानापुर जंक्शन, सगुना मोड़, बिहटा कारिडोर, नौबतपुर और दीदारगंज शामिल हैं। मंत्री ने बताया कि बाद में इस योजना का विस्तार राज्य के सभी जिलों तक किया जाएगा। अतिथिशालाओं में महिला और पुरुष श्रमिकों के लिए अलग-अलग डॉरमेट्री की व्यवस्था की जाएगी, जिसमें 50 और 100 बेड की क्षमता होगी। श्रमिक यहां सात से दस दिन तक ठहर सकेंगे और विशेष परिस्थितियों में उनकी ठहरने की अवधि बढ़ाई जा सकेगी।
















