Attack on Kanwariyas heading to Haridwar: हरिद्वार जा रहे कांवड़ियों पर हमला, 20 पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज

ग्वालियर में सावन के पवित्र महीने में हरिद्वार से कांवड़ लेने जा रहे शिवभक्तों पर हमले का मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कुछ युवकों ने कांवड़िय
ग्वालियर में सावन के पवित्र महीने में हरिद्वार से कांवड़ लेने जा रहे शिवभक्तों पर हमले का मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कुछ युवकों ने कांवड़ियों पर लाठी-डंडों, सरियों और हथौड़ों से हमला किया। इस घटना में दो कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के तुरंत बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस की कार्रवाई में देरी से नाराज लोग थाने के बाहर चक्काजाम कर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने इस मामले में 20 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
यह घटना किला गेट थाना क्षेत्र के घासमंडी इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार, बीते गुरुवार रात 4 से 5 युवक बाइक से हरिद्वार कांवड़ लेने के लिए निकले थे। रास्ते में उनकी बाइक एक कार से टकरा गई, जिसमें अरशद खान, गोलू, अकील खान समेत अन्य युवक सवार थे। मामूली टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि कार सवार 8 से 10 लोगों ने मिलकर कांवड़ियों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों के अलावा सरियों और हथौड़ों से भी वार किए। इस हमले में 24 वर्षीय विवेक यादव और शुभम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। चूंकि घटनास्थल किला गेट और बहोड़ापुर थाना क्षेत्र की सीमा के पास था, इसलिए शुरुआती कार्रवाई में क्षेत्राधिकार को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई। इससे नाराज कांवड़ियों के साथी और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बहोड़ापुर थाने पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने करीब दो से तीन घंटे तक सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
















