Heavy Rain Causes Deterioration of Roads in Manda: बरसात से मांडा की सभी सड़कों की दशा हुई दयनीय

पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने मांडा क्षेत्र को जलमग्न कर दिया है। गुरुवार को पूरे दिन और रात रिमझिम फुहार के साथ तेज बारिश ने स्थिति को और बिगाड़ दि
पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने मांडा क्षेत्र को जलमग्न कर दिया है। गुरुवार को पूरे दिन और रात रिमझिम फुहार के साथ तेज बारिश ने स्थिति को और बिगाड़ दिया। सड़कों और राजमार्गों पर बने गड्डों में जलजमाव से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अक्सर मरम्मत के बावजूद भी मांडा क्षेत्र के रास्तों पर गड्ढों की भरमार बनी हुई है, जिससे खासकर दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटनाओं का शिकार होना पड़ रहा है।
बरसात के बाद शुक्रवार को धूप निकली, लेकिन बारिश के कारण आम रास्ते और राजमार्ग ताल तलैया बन गए हैं। वीपी प्रतापपुर राजमार्ग के महुआरीखुर्द, भरारी द्वितीय, मांडा खास और गिरधरपुर जैसे गांवों के सामने गड्ढों की स्थिति गंभीर है। मरम्मत के नाम पर गड्डे भरे जाते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में वे पुनः गड्ढा युक्त हो जाते हैं। भरारी राजापुर बाईपास की सड़क हर दो महीने पर मरम्मत के बाद भी गड्ढों से भरी रहती है।
गड्ढों में भरे बरसाती पानी के कारण राहगीरों को विशेषकर दोपहिया चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, राजापुर बंगलिया भंजनपुर का अर्धनिर्मित मार्ग भी राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। गुड़गवां और राम धन गांव के सामने की सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। मांडा खास-मांडा रोड और भरारी द्वितीय-लालगंज जैसे मार्ग भी बेहद खराब स्थिति में हैं।
मांडा क्षेत्र की ज्यादातर सड़कें पहाड़ी भूभाग से गुजरती हैं। गड्ढा युक्त सड़कों के कारण दुर्घटनाओं के साथ-साथ राहजनी और छिनैती की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। संबंधित विभाग सड़कों की मरम्मत का प्रयास करता है, लेकिन मानकविहीन ठेकेदारी के कारण मरम्मत के कुछ ही दिन बाद सड़कें फिर से खराब हो जाती हैं।
















