Atiq's son Abaan's body reaches Prayagraj: आज कसारी-मसारी कब्रिस्तान में होगा आबान का अंतिम संस्कार

प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के परिवार में एक बार फिर शोक की लहर है। झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में अतीक के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद और उसके सा
प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के परिवार में एक बार फिर शोक की लहर है। झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में अतीक के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद और उसके साथी शाकिर उर्फ सोनू की जान चली गई। पोस्टमार्टम और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिजन एंबुलेंस से दोनों के शव लेकर प्रयागराज पहुंचे। वर्तमान में, आबान का शव हटवा स्थित उसकी बुआ के घर पर रखा गया है। जुमे की नमाज के बाद आबान को कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इस कब्रिस्तान में पहले से अतीक अहमद, उनके चाचा अशरफ और बड़े भाई असद अहमद की कब्रें मौजूद हैं। आबान की कब्र भी अतीक की कब्र के पास तैयार की गई है, जिसके लिए देर रात तक कब्र खोदने का काम चलता रहा। अंतिम संस्कार को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है, और कब्रिस्तान तथा आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, आबान के जनाजे में शामिल होने के लिए बड़े बेटे उमर और छोटे बेटे अली ने हाई कोर्ट में पैरोल की अर्जी दाखिल की है। इस पर आज दोपहर 12:00 बजे सुनवाई हो सकती है। पैरोल अर्जी मंजूर होने पर ही उमर और अली अपने भाई के जनाजे में शामिल हो सकेंगे। मोहम्मद उमर लखनऊ जेल में बंद है जबकि अली अहमद झांसी जेल में हैं। हादसा झांसी जिले के पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली के पास हुआ, जहां प्रयागराज से झांसी जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में आबान और शाकिर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी को झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आबान और सोनू को मृत घोषित कर दिया। झांसी पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। इसी बीच, अतीक अहमद की फरार पत्नी शाइस्ता परवीन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अटकलें लगाई जा रही हैं कि शाइस्ता अपने बेटे के जनाजे में शामिल हो सकती हैं। इसे देखते हुए पुलिस और इंटेलिजेंस पूरी घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
















