West Bengal: मोहम्मडन क्लब ने हुमायूं कबीर को अध्यक्ष पद से हटाया

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब ने आर्थिक संकट से निपटने और क्लब को मजबूत बनाने के वादे करने वाले विधायक हुमायूं कबीर को अध्यक्ष पद से हटा दिया
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब ने आर्थिक संकट से निपटने और क्लब को मजबूत बनाने के वादे करने वाले विधायक हुमायूं कबीर को अध्यक्ष पद से हटा दिया है। यह निर्णय क्लब की कार्यकारिणी समिति की आपात बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। इस बैठक में यह तय किया गया कि हुमायूं कबीर की अध्यक्षता में क्लब की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है, जिसके चलते उन्हें पद से हटाने का निर्णय लिया गया।
हुमायूं कबीर पर आरोप है कि उन्होंने क्लब की आर्थिक समस्याओं के समाधान के लिए बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन उन वादों को पूरा नहीं किया। उनके हस्ताक्षर वाले कई चेक लगातार बाउंस हो गए, जिससे क्लब की वित्तीय स्थिति और भी खराब हो गई। हुमायूं कबीर ने अध्यक्ष पद संभालने के समय क्लब को 25 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने का भरोसा दिया था, लेकिन यह वादा भी अधूरा रह गया। इस स्थिति के कारण क्लब प्रबंधन में उनके प्रति नाराजगी बढ़ती गई।
क्लब के सूत्रों के अनुसार, हुमायूं कबीर द्वारा दिए गए चेक तीन बार बाउंस हुए, जिसके बाद मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब ने उन्हें कानूनी नोटिस भी भेजा। कानूनी नोटिस के बावजूद क्लब ने उन्हें स्थिति सुधारने का एक और मौका दिया। लेकिन जब समाधान नहीं निकला, तो कार्यकारिणी समिति की आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि हुमायूं कबीर को अध्यक्ष पद से हटाया जाए और उनकी जगह गजल जाफर को नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। यह बदलाव क्लब के भविष्य के लिए एक नई दिशा की ओर संकेत करता है।















