Digital Plantation Monitoring System: डीडीए ने शुरू की 'डिजिटल प्लांटेशन मॉनिटरिंग' प्रणाली, अब जिओ-टैगिंग और ऐप से होगी पौधों की निगरानी

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने अपने पौधारोपण अभियान 2026-27 के लिए एक नई डिजिटल प्लांटेशन मॉनिटरिंग प्रणाली की शुरुआत की है। इस प्रणाली का उद्देश्य केवल पौधा
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने अपने पौधारोपण अभियान 2026-27 के लिए एक नई डिजिटल प्लांटेशन मॉनिटरिंग प्रणाली की शुरुआत की है। इस प्रणाली का उद्देश्य केवल पौधारोपण के संख्यात्मक लक्ष्यों को प्राप्त करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि लगाए गए पौधे जीवित रहें, उनकी सिंचाई सही तरीके से हो, उनकी सुरक्षा की जाए और उनका निरंतर विकास सुनिश्चित किया जाए। इस प्रक्रिया को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए डीडीए ने एक विशेष मोबाइल एप्लीकेशन और एकीकृत डैशबोर्ड तैयार किया है। इसके माध्यम से फील्ड अधिकारियों, विशेषकर उद्यान विभाग के अनुभाग अधिकारियों द्वारा पौधों की जियो-टैगिंग की जाएगी, जिससे पौधों के लगाने के स्थान की अक्षांश-देशांतर जानकारी और तस्वीरें रीयल-टाइम में अपलोड की जा सकेंगी। यह प्रणाली पौधों की मृत्यु दर का रिकॉर्ड भी रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर दोबारा पौधे लगाने की प्रक्रिया को भी सुनिश्चित करेगी।
इस नई पहल के तहत, डीडीए ने एक निष्पक्ष स्वतंत्र थर्ड-पार्टी एजेंसी को नियुक्त किया है, जो पौधों के जीवित रहने की दर का मूल्यांकन करेगी। इसके अलावा, एलजी और डीडीए के अध्यक्ष तरनजीत सिंह संधू के निर्देशों के अनुसार, यह निगरानी पोर्टल डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर आम नागरिकों के लिए उपलब्ध रहेगा। नागरिक यहां पार्क-वार लगाए गए पौधों, उनकी प्रजातियों और सटीक लोकेशन की जानकारी देख सकेंगे। इस हरित अभियान में व्यापक जनभागीदारी देखी जा रही है, जिसमें 118 आरडब्ल्यूए, 18 धार्मिक संगठनों, 24 स्कूलों और विभिन्न सरकारी संस्थानों के 13,750 से अधिक नागरिक शामिल हैं।
















