National Statistical Survey in Hamirpur: हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर में होंगे राष्ट्रीय सांख्यिकी सर्वे

हमीरपुर। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) का उप क्षेत्रीय कार्यालय जल्द ही हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर जिलों में विभिन्न महत्वपूर्ण सांख्यिकीय सर्वेक्षणों की प
हमीरपुर। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) का उप क्षेत्रीय कार्यालय जल्द ही हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर जिलों में विभिन्न महत्वपूर्ण सांख्यिकीय सर्वेक्षणों की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इन सर्वेक्षणों के माध्यम से रोजगार, परिवार की आय, प्रवासन, ऋण, निवेश और अन्य सामाजिक व आर्थिक पहलुओं से जुड़े आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे। इन आंकड़ों का उपयोग केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं और नीति निर्माण में किया जाएगा। सर्वेक्षण के लिए हमीरपुर जिले के दुगनेहड़ा, सुनवीं राजपूतां और पट्टा, ऊना जिले के चलौल बेहड़, चांदपुर, मुबारकपुर, धर्मपुर, कोटला खास और जरोला, जबकि बिलासपुर जिले के अमरपुर, संदौली और बोहड़ गांवों का चयन किया गया है। एनएसओ के उप क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक निदेशक रूपेश जालवाल ने बताया कि ये सर्वेक्षण राष्ट्रीय स्तर पर समय-समय पर किए जाते हैं और देश की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं।
सर्वेक्षण के दौरान वैज्ञानिक प्रतिदर्श (सैंपल) पद्धति का उपयोग करते हुए चयनित परिवारों और प्रतिष्ठानों से निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से सूचनाएं एकत्र की जाएंगी। इस प्रक्रिया में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, राष्ट्रीय परिवार आय सर्वेक्षण, प्रवासन सर्वेक्षण, ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण, स्थिति आकलन सर्वेक्षण, और अनिगमित क्षेत्र के प्रतिष्ठानों का वार्षिक सर्वेक्षण जैसे विभिन्न विषयों पर जानकारी एकत्रित की जाएगी। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न योजनाओं की प्रभावशीलता का आकलन करती है और नई नीतियों का निर्माण करती है।
















