New Chief Justices appointed for four High Courts: देश के चार हाई कोर्ट को मिलेंगे नए चीफ जस्टिस, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की सिफारिश

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने देश के चार प्रमुख हाई कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीशों के लिए चार वरिष्ठ न्यायाधीशों की पदोन्नति की सिफारिश की है। इस सिफारिश में बॉम्बे,
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने देश के चार प्रमुख हाई कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीशों के लिए चार वरिष्ठ न्यायाधीशों की पदोन्नति की सिफारिश की है। इस सिफारिश में बॉम्बे, कलकत्ता, पटना और पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्तियाँ शामिल हैं। कॉलेजियम ने इस संबंध में छह अगस्त को बैठक की थी।
पटना हाई कोर्ट के लिए न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव को मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है। वर्तमान में वे दिल्ली हाई कोर्ट में कार्यरत हैं। वहीं, कलकत्ता हाई कोर्ट के लिए बॉम्बे उच्च न्यायालय में कार्यरत न्यायमूर्ति रविंद्र वी. घुगे को मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालने का प्रस्ताव दिया गया है।
बॉम्बे हाई कोर्ट के लिए इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी को मुख्य न्यायाधीश के पद पर पदोन्नति की सिफारिश की गई है। जबकि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के लिए जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा को स्थायी मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है।
कॉलेजियम के प्रस्ताव के बाद, इन सिफारिशों पर संवैधानिक नियुक्ति प्रक्रिया के अनुसार कार्यवाही की जाएगी। केंद्रीय विधि मंत्रालय को आधिकारिक सिफारिशें प्रशासनिक प्रक्रिया और मंजूरी के लिए भेजी जाएंगी। इसके बाद, प्रस्ताव प्रधानमंत्री कार्यालय के माध्यम से अंतिम कार्यकारी सहमति के लिए आगे बढ़ेंगे। मंजूरी मिलने पर राष्ट्रपति संविधान के अनुच्छेद 217 के तहत इन न्यायाधीशों की औपचारिक नियुक्ति करेंगे।














