Political Meeting with PM Modi: सुप्रिया सुले समेत 8 सांसदों ने पीएम से की मुलाकात, कोई राजनीतिक चर्चा नहीं

महाराष्ट्र में शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (ncp-sp) के भाजपा नीत nda में शामिल होने की अटकलों के बीच, पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्र
महाराष्ट्र में शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) के भाजपा नीत NDA में शामिल होने की अटकलों के बीच, पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के नेतृत्व में आठ सांसदों ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। यह बैठक संसद भवन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई, जो लगभग 25 मिनट तक चली। सांसदों ने स्पष्ट किया कि इस बैठक में किसी भी प्रकार की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई।
बैठक के बाद शिरूर से NCP (SP) सांसद डॉ. अमोल कोल्हे ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ हुई मुलाकात में राजनीतिक मुद्दों पर कोई बातचीत नहीं हुई। सांसदों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दे प्रधानमंत्री के सामने रखे। सुप्रिया सुले ने भी इस बैठक को गैर-राजनीतिक बताया और कहा कि संसद की कार्यवाही में बाधा आने के कारण जनता के मुद्दों को सीधे प्रधानमंत्री के सामने रखना आवश्यक था।
सुप्रिया सुले ने 8 अगस्त को घोषणा की थी कि पार्टी के सांसद विभिन्न मुद्दों पर प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। बैठक की शुरुआत में, प्रधानमंत्री मोदी ने शरद पवार के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके लंबे राजनीतिक सफर की सराहना की। कोल्हे ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि शरद पवार की कार्यक्षमता और ऊर्जा राजनीति में सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
बैठक में महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त इलाकों से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। सांसद बजरंग सोनवणे ने बीड में सूखे की स्थिति को लेकर उजनी बांध से मंजरा़ बांध में पानी छोड़ने की मांग की। इसके अलावा, सांसदों ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पीएम केयर्स फंड के तहत वित्तीय सहायता की सीमा बढ़ाने की भी मांग की।













