Students protest intensifies in Jharkhand: झारखंड में छात्रों का आंदोलन उग्र, बैरिकेड टूटे, लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों और नौकरी के अभ्यर्थियों का आंदोलन सोमवार, 10 अगस्त को उग्र हो गया। हजारों की संख्या में प्रदर्श
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों और नौकरी के अभ्यर्थियों का आंदोलन सोमवार, 10 अगस्त को उग्र हो गया। हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी राजधानी रांची में झारखंड विधानसभा की ओर मार्च करते हुए आगे बढ़े। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन छात्रों ने एक के बाद एक बैरिकेड तोड़ दिए।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार, लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद छात्र पीछे नहीं हटे और आखिरकार झारखंड विधानसभा परिसर में प्रवेश कर गए। प्रदर्शन के दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगी, जबकि तेज गर्मी के कारण कई अन्य प्रदर्शनकारी बीमार होकर गिर पड़े।
प्रदर्शन की शुरुआत धुर्वा स्थित पुराने विधानसभा परिसर के पास से हुई। हजारों छात्र और नौकरी के अभ्यर्थी यहां जुटे और इसके बाद नए विधानसभा भवन की ओर मार्च शुरू किया। प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा और अपनी मांगों से जुड़े पोस्टर-बैनर लेकर आगे बढ़ रहे थे। छात्रों की प्रमुख मांग राज्य में प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच सीबीआई से कराने की है। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।
मार्च के दौरान छात्रों की भीड़ लगातार बढ़ती गई। लगभग सभी प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर पहुंच गए और वहां आंदोलन के अगले चरण की तैयारी करने लगे। इस दौरान कुछ संस्थाओं और एनजीओ की ओर से प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। विधानसभा की ओर बढ़ते हुए प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की पहली बैरिकेडिंग पार कर ली। इसके बाद वे आगे बढ़ते हुए दूसरी सुरक्षा परत तक पहुंच गए। पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए रास्ते में भारी बैरिकेडिंग के साथ कंटीले तार भी लगाए थे।













