Stop Violence in PoJK: महबूबा मुफ्ती का पाकिस्तान को कड़ा संदेश

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ़्ती ने गुरुवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार गुलाम जम्मू कश्मीर में व्याप्त ह
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ़्ती ने गुरुवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार गुलाम जम्मू कश्मीर में व्याप्त हालात को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने शांतिपूर्ण आंदोलनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग की कड़ी निंदा करते हुए पाकिस्तान सरकार से अपील की है कि वह गुलाम जम्मू कश्मीर में बल प्रयोग को तुरंत बंद करे और आंदोलनकारियों के साथ संवाद स्थापित कर सभी विवादों का समाधान करे। महबूबा मुफ़्ती ने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर अपने एक पोस्ट में गुलाम जम्मू कश्मीर के हालात को लेकर चिंता जताते हुए कहा है कि कश्मीर के दूसरे हिस्से से सामने आ रही तस्वीरें और वीडियो 'बेहद पीड़ादायक' हैं। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के साथ जिस तरह का बल प्रयोग किया जा रहा है, उसे देखकर उन्हें गहरा दुख होता है।
महबूबा मुफ़्ती ने पाकिस्तान सरकार से मानवीय रवैया अपनाने की अपील की और बल के बजाय संवाद का मार्ग चुनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्राप्त रिपोर्टों से स्पष्ट होता है कि प्रदर्शनकारियों की मांगें वास्तविक हैं और उन्हें गंभीरता से सुना जाना चाहिए। महबूबा ने कहा, 'कोई भी देश नागरिकों को अधिकारों से वंचित कर या बंदूक के बल पर उनकी आवाज़ दबाकर मजबूत नहीं बन सकता।' उन्होंने यह भी कहा कि 'कश्मीरियों को इज़्ज़त, इंसाफ़ और अपनी बात कहने का हक़ मिलना चाहिए, दमन नहीं।' यह बयान ऐसे समय में आया है जब गुलाम जम्मू कश्मीर में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे वहां की स्थिति और भी गंभीर होती जा रही है।
















