Sujit Sinha Encounter: सुजीत सिन्हा एनकाउंटर में शव से मिलीं दो गोलियां, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सबकी नजरें

जामताड़ा के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद सोमवार को जामताड़ा सदर अस्पताल में स्थित पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षा के कड़े इंतजाम क
जामताड़ा के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद सोमवार को जामताड़ा सदर अस्पताल में स्थित पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पूरे परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था, जिससे आम लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा सके। इस दौरान, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए तीन चिकित्सकों की एक टीम गठित की गई थी, जिसमें डा. मिकी मांझी, डा. विशाल कुमार और डा. दुर्गेश झा शामिल थे। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान सुजीत सिन्हा के शव से दो गोलियां बरामद की गईं, जो कमर के ऊपर के हिस्से में लगी थीं। इसके अलावा, शरीर पर अन्य कई जख्मों के निशान भी पाए गए हैं, जिनकी प्रकृति और कारण का उल्लेख विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किया जाएगा।
पोस्टमार्टम के दौरान मिले तथ्यों का विधिवत संकलन किया जा रहा है। हालांकि, इस मामले में किसी भी अधिकारी या चिकित्सक ने गोली मिलने या अन्य चोटों के संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जिम्मेदार अधिकारी फिलहाल जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक होने तक किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से बच रहे हैं। सुजीत सिन्हा की मुठभेड़ में हुई मौत पहले से ही चर्चा और सवालों के केंद्र में है। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट को इस पूरे मामले का अहम दस्तावेज माना जा रहा है। इसके अलावा, यह भी देखा जा रहा है कि इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कैसे की जाएगी।
















