Suspense in Ranchi: छात्रों और सरकार की बातचीत पर सस्पेंस, 13वें दिन भी जारी है आंदोलन

झारखंड लोक सेवा आयोग (jpsc) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (jssc) से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर आंदोलन कर रहे छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछ
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर आंदोलन कर रहे छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 13 दिनों से धरने पर बैठे छात्रों ने गुरुवार शाम को रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने अपने मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर स्टेडियम परिसर और उसके आसपास मार्च निकाला। छात्रों के आक्रोश और नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। प्रोटेस्टर्स ने स्पष्ट रूप से सरकार को चेतावनी दी कि उनका आंदोलन पूरी तरह से शांतिपूर्ण है। हालांकि, 13 दिनों के लंबे प्रदर्शन के बावजूद सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। छात्रों ने दो टूक कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर लिखित और संतोषजनक फैसला नहीं लेती, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।
छात्रों और झारखंड सरकार के बीच प्रस्तावित उच्चस्तरीय वार्ता को लेकर फिलहाल असमंजस की स्थिति बनी हुई है। छात्र प्रतिनिधियों ने बातचीत के लिए अपने सदस्यों के नाम प्रशासन को सौंप दिए हैं, लेकिन गुरुवार देर शाम तक दोनों पक्षों के बीच कोई औपचारिक बैठक नहीं हो पाई। सूत्रों का कहना है कि अगर आखिरी वक्त में प्रशासनिक स्तर पर कोई सकारात्मक बदलाव होता है, तो रात में बातचीत संभव हो सकती है। वरना, पूरी संभावना यही है कि सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच अब औपचारिक वार्ता शुक्रवार को ही होगी। छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर पूरी तरह अड़े हुए हैं, जिससे प्रशासन पर भी जल्द समाधान निकालने का दबाव बढ़ गया है।
















