Tiger attack in Balaghat: बाघ ने घर में सो रही महिला को उठाया, हमले में मौत

बालाघाट जिले के कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के बफर जोन से सटे पर्रापुर बैगाटोला गांव में शनिवार रात को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां एक बाघ ने घर में सो रही
बालाघाट जिले के कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के बफर जोन से सटे पर्रापुर बैगाटोला गांव में शनिवार रात को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां एक बाघ ने घर में सो रही 45 वर्षीय महिला सुगनी बाई धुर्वे पर हमला कर दिया। बाघ ने महिला को अपने मुंह में दबाकर बाहर ले जाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घटना के समय महिला अपने परिवार के साथ घर में सो रही थीं। यह घटना रात करीब 1:30 बजे हुई, जब बाघ जंगल से भटककर घर में घुस आया। परिवार के सदस्य जब शोर सुनकर बाहर आए, तब तक बाघ ने महिला को मुंह में दबा लिया था। हालांकि, बाघ कुछ देर के लिए दलदली जमीन में फंस गया, जिससे ग्रामीणों को मौका मिला और उन्होंने शोर मचाया। इस हलचल से घबराकर बाघ महिला को वहीं छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
घायल महिला को तुरंत बैहर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बीएमओ डॉ. अनंत लिल्हारे ने बताया कि महिला के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ पिछले एक महीने से गांव के आसपास घूम रहा था और कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुका था। मृतका के घर में दरवाजे नहीं थे, जिससे बाघ आसानी से अंदर घुस आया। इस घटना ने गांव में दहशत फैला दी है और ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
















