Water Crisis in South Delhi: दक्षिणपुरी में 24 घंटे इंतजार के बाद भी केवल 10 मिनट पानी की आपूर्ति

दक्षिणी दिल्ली के दक्षिणपुरी इलाके में पानी की गंभीर किल्लत ने स्थानीय निवासियों को परेशान कर रखा है। यहां के लोग 24 घंटे पानी की आपूर्ति के लिए इंतजार करते हैं
दक्षिणी दिल्ली के दक्षिणपुरी इलाके में पानी की गंभीर किल्लत ने स्थानीय निवासियों को परेशान कर रखा है। यहां के लोग 24 घंटे पानी की आपूर्ति के लिए इंतजार करते हैं, लेकिन उन्हें सुबह के समय मुश्किल से 10 मिनट ही पानी मिलता है। पहले यह समस्या कभी-कभार होती थी, लेकिन अब यह रोजाना की समस्या बन गई है। स्थानीय जल बोर्ड से लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है। लगभग ढाई हजार की आबादी इस पेयजल संकट से प्रभावित है, खासकर देवली विधानसभा क्षेत्र के डीडीए फ्लैट्स ब्लाक-20 के निवासियों को। 600 से अधिक परिवार इस भीषण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं और उनकी नाराजगी बढ़ती जा रही है, क्योंकि कोई भी इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
आरडब्ल्यूए के सदस्यों का कहना है कि इलाके में पानी की किल्लत की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। दिनभर में केवल 10 मिनट पानी की आपूर्ति होती है, जो चार लोगों के परिवार की दैनिक जरूरतों को भी पूरा नहीं कर पाती। इस स्थिति में लोग मजबूर होकर दूर-दराज के इलाकों से पानी लाने या बोतलबंद पानी का सहारा लेने को मजबूर हैं। इससे न केवल उनका समय बर्बाद होता है, बल्कि आर्थिक बोझ भी बढ़ता है। स्थानीय निवासियों की मांग है कि पानी की आपूर्ति कम से कम 30 मिनट के लिए की जाए, ताकि उनकी दैनिक आवश्यकताएं पूरी हो सकें। इस संबंध में स्थानीय जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
















