Kidnapping and Murder in Bhagalpur: पिता के पास सो रहे 3 साल के मासूम का अपहरण, गला घोंटकर हत्या; बोरे में मिला शव

नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अपराधियों ने एक तीन साल के मासूम बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। जानकारी के अ
नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अपराधियों ने एक तीन साल के मासूम बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, दिव्यांशु कुमार नामक यह बच्चा अपने पिता पंकज मंडल के साथ सो रहा था, जब अपराधियों ने उसे घर से उठाया। घटना के बाद, बच्चे का शव प्लास्टिक के बोरे में भरकर घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर एक खेत में फेंक दिया गया। इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है और स्थानीय लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। मृतक के परिवार और ग्रामीणों ने चंपानगर-भागलपुर मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर भी प्रदर्शनकारी नहीं माने, लेकिन अंततः शांति समिति के सदस्यों के हस्तक्षेप के बाद जाम समाप्त किया गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक के पिता पंकज मंडल के बयान पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें मुख्य आरोपी सुभाष मंडल, उसकी मां सुलेखा देवी, मुकेश मंडल उर्फ मुलो मंडल और उसकी पत्नी मुन्नी देवी शामिल हैं। सुभाष मंडल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस ने सुभाष मंडल के पिता और उसकी कथित प्रेमिका को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दिव्यांशु की मां ने बताया कि बेटे की तलाश के दौरान सुभाष के पैरों और कपड़ों पर कीचड़ लगा हुआ था, जिससे परिवार का संदेह और गहरा गया। पहले भी सुभाष को उनके घर आने-जाने से मना किया गया था।
घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी-2 राकेश कुमार, नाथनगर इंस्पेक्टर अभय शंकर, डाग स्क्वायड, एफएसएल और एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची। जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वायड ने बच्चे के घर से खेत तक आने-जाने के संकेत पाए हैं, जबकि एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है और मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना ने न केवल मृतक के परिवार को बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
















