Delhi to Bihar Bus Service: दिल्ली और बिहार के बीच शुरू होगी 70 स्लीपर बसें, छठ पूजा से पहले

दिल्ली और बिहार के बीच यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक राहतभरी खबर आई है। दिल्ली सरकार जल्द ही बिहार सरकार के साथ एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (mou) पर
दिल्ली और बिहार के बीच यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक राहतभरी खबर आई है। दिल्ली सरकार जल्द ही बिहार सरकार के साथ एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करने जा रही है। इस समझौते के तहत राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को बिहार के छह प्रमुख शहरों से जोड़ने वाली एक विशेष अंतर-राज्यीय बस सेवा शुरू की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी बस सेवा को इस साल छठ पूजा से पहले शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है, जब दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या में भारी उछाल आता है।
इस विशेष बस सेवा के माध्यम से दिल्ली को बिहार के प्रमुख शहरी और आर्थिक केंद्रों से जोड़ा जाएगा। इनमें पटना, दरभंगा, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, गया और भागलपुर शामिल हैं। इन रूट्स को इस तरह से डिजाइन किया जा रहा है कि यात्रियों को बीच रास्ते में किसी भी प्रकार की बस बदलने की आवश्यकता न पड़े और उनका सफर आरामदायक बने।
दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) इस पहल के तहत कुल 149 बसें जोड़ने के प्रस्ताव पर काम कर रहा है। शुरुआती चरण में 70 सेमी-स्लीपर डीलक्स बसें सड़कों पर उतारी जाएंगी, जो एसी (AC) और नॉन-एसी (Non-AC) दोनों विकल्पों में उपलब्ध होंगी। इस सीधी बस सेवा से दिल्ली-NCR में रहने वाले बिहार के लाखों प्रवासी मजदूरों, छात्रों और परिवारों को त्योहारों के सीजन में आसानी से टिकट और आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी।
बुनियादी ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है। पूर्वी दिल्ली स्थित आनंद विहार में 13.5 मीटर चौड़ा एक नया बस टर्मिनल बन रहा है, जो बिहार रूट पर चलने वाली बसों का मुख्य हब बनेगा। परिवहन मंत्री ने स्पष्ट किया कि आनंद विहार पहले से ही दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेलवे और बस नेटवर्क का एक बड़ा इंटरचेंज पॉइंट है। ऐसे में बिहार के लिए चलने वाली बसों का संचालन यहीं से होने से यात्रियों को आवाजाही में काफी आसानी होगी।
















