Double Murder in Hardoi: सड़क किनारे मिले दो युवकों के शव, सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान

हरदोई जिले के संडीला क्षेत्र में गुरुवार को एक डबल मर्डर की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। अतरौली मार्ग पर स्थित तकिया-आटामऊ जाने वाली सड़क पर निर्माणाधी
हरदोई जिले के संडीला क्षेत्र में गुरुवार को एक डबल मर्डर की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। अतरौली मार्ग पर स्थित तकिया-आटामऊ जाने वाली सड़क पर निर्माणाधीन जल जीवन मिशन की पानी की टंकी से लगभग 500 मीटर पहले दो युवकों के शव बरामद हुए। मृतकों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि उनकी हत्या धारदार हथियार से की गई है। इस घटना की सूचना पीआरवी 112 के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। मृतकों की पहचान कछौना के ग्राम रेसों के अरुण चौरसिया (26) और ग्राम गौहनिया के अभिषेक चौरसिया (27) पुत्र शिवराम चौरसिया के रूप में हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड (फॉरेंसिक) यूनिट ने भी मौके पर पहुंचकर महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए हैं। स्थानीय पुलिस ने दोनों शवों का नियमानुसार पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस डबल मर्डर के मामले की जांच में तेजी लाने के लिए पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी संडीला और अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।















