EPFO's Achievement: FY26 में 8.3 करोड़ क्लेम का निपटारा, 7 करोड़ को मिली राहत

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (epfo) ने वित्त वर्ष 2025-26 में 8.3 करोड़ से अधिक दावों का निपटारा किया है। यह संख्या पिछले वित्त वर्ष की तुलना में काफी अधिक है। के
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2025-26 में 8.3 करोड़ से अधिक दावों का निपटारा किया है। यह संख्या पिछले वित्त वर्ष की तुलना में काफी अधिक है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने यह जानकारी राज्यसभा में दी। उन्होंने बताया कि अब EPFO क्लेम जमा करते समय कैंसिल चेक की फोटो या अटेस्टेड बैंक पासबुक अपलोड करने की आवश्यकता नहीं होगी। इस बदलाव का लाभ लगभग 7 करोड़ EPFO सदस्यों को मिला है, जिससे ऑनलाइन क्लेम प्रक्रिया और भी सरल हो गई है।
सरकार के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में EPFO ने कुल 8,30,94,388 दावों का निपटारा किया, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह संख्या 6,01,59,608 थी। इस प्रकार, एक वर्ष में क्लेम निपटारे की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। श्रम मंत्रालय ने बताया कि अप्रैल 2025 से EPFO ने ऑनलाइन क्लेम के दौरान कैंसिल चेक की फोटो या बैंक पासबुक की अटेस्टेड कॉपी अपलोड करने की पुरानी प्रक्रिया को समाप्त कर दिया है।
पहले सदस्यों को बैंक खाते की जानकारी वेरिफाइड करने के लिए ये दस्तावेज जमा करने पड़ते थे, जिससे कई बार क्लेम रिजेक्ट हो जाते थे। अब EPFO अपने डिजिटल सिस्टम के माध्यम से बैंक खाते की जानकारी की जांच करता है। इससे सदस्यों को अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की परेशानी से राहत मिली है। सरकार का कहना है कि इस बदलाव से खराब क्वालिटी वाले दस्तावेजों के कारण होने वाली अस्वीकृति में कमी आई है। कुल मिलाकर, EPFO की नई व्यवस्था से करोड़ों सदस्यों के लिए PF क्लेम करना पहले से अधिक तेज और सुविधाजनक हो गया है।
















