F-35B Fighter Jet Crash in America: अमेरिका में F-35B स्टील्थ फाइटर जेट क्रैश, पायलट ने इजेक्ट कर बचाई जान

अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में स्थित सैन डिएगो के मिरामार एयर बेस के पास एक f-35b स्टील्थ फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह घटना उस समय हुई जब जेट में मौ
अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में स्थित सैन डिएगो के मिरामार एयर बेस के पास एक F-35B स्टील्थ फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह घटना उस समय हुई जब जेट में मौजूद पायलट ने समय रहते इजेक्ट कर लिया, जिससे उनकी जान बच गई। पायलट को सुरक्षित निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमेरिकी मरीन कॉर्प्स ने इस घटना को 'क्लास ए मिसहैप' करार दिया है, जो कि एक गंभीर श्रेणी का हादसा माना जाता है। इस श्रेणी का उपयोग तब किया जाता है जब किसी दुर्घटना में 20 लाख अमेरिकी डॉलर से अधिक का वित्तीय नुकसान होता है, कोई सैन्य विमान पूरी तरह से नष्ट हो जाता है, या किसी सैनिक की जान चली जाती है।
घटनास्थल से प्राप्त हवाई तस्वीरों में क्रैश के बाद का भयावह दृश्य देखा जा सकता है। एक खुले मैदान में विमान के मलबे से काले धुएं का गुबार आसमान की ओर उठ रहा था। मौके पर कई सैन्य और दमकल की गाड़ियां तैनात थीं, और राहत कर्मी बचाव कार्य में जुटे हुए थे। जमीन पर आग बुझाने के लिए सफेद केमिकल फैलाया गया था, और दमकलकर्मी मलबे पर लगातार पानी की बौछार कर रहे थे। सैन डिएगो फायर विभाग की प्रवक्ता कैंडिस हैडली ने बताया कि उनकी टीम दुर्घटनास्थल के पास झाड़ियों में लगी आग पर काबू पाने के लिए मौजूद है। उन्होंने इस हादसे से जुड़े अन्य सवालों के लिए मिरामार एयर बेस से संपर्क करने की सलाह दी।
















