Industrial Development in Bundelkhand: योगी सरकार ने BIDA को दी 497.48 करोड़ की सौगात

उत्तर प्रदेश सरकार ने बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) के लिए 497.48 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी आधारभूत संरचना विकास योजना को मंजूरी दी है। यह योजना
उत्तर प्रदेश सरकार ने बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) के लिए 497.48 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी आधारभूत संरचना विकास योजना को मंजूरी दी है। यह योजना अटल इंडस्ट्रियल इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत स्वीकृत की गई है, जिसका उद्देश्य बीडा के एक्टिवेशन एरिया को विश्वस्तरीय औद्योगिक सुविधाओं से लैस करना है। इस परियोजना के माध्यम से झांसी समेत पूरे बुंदेलखंड में बड़े निवेश का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। बीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय कुमार खत्री ने इसे बुंदेलखंड के लिए ऐतिहासिक निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं का चरणबद्ध और समयबद्ध ढंग से क्रियान्वयन किया जाएगा, जिससे बीडा उत्तर प्रदेश के प्रमुख निवेश-अनुकूल औद्योगिक केंद्रों में शामिल हो सके।
बीडा के तहत झांसी के 33 गांवों की 56,662 एकड़ भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाना है। इसके लिए अब तक करीब 24 हजार एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। पहले चरण में डगरवाहा गांव से विकास कार्य शुरू होगा। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य निवेशकों को प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि उद्योगों को स्थापना के लिए तैयार आधारभूत सुविधाएं मिल सकें और परियोजनाएं तेजी से शुरू हों। यह योजना न केवल बुंदेलखंड के औद्योगिक परिदृश्य को बदलने का कार्य करेगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।
















