Flight to take off from Gopalganj: गोपालगंज से जल्द उड़ेगा विमान, सबेया एयरफील्ड चालू कराने के लिए मंत्री से मिले MP डॉ. सुमन

गोपालगंज के सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सब
गोपालगंज के सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सबेया एयरफील्ड को जल्द चालू कराने की दिशा में कदम उठाना था। सांसद ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए आग्रह किया कि हथुआ अनुमंडल स्थित सबेया एयरफील्ड को क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस)-उड़ान के तहत शीघ्र संचालित किया जाए। सांसद ने बताया कि 473 एकड़ में फैले इस रक्षा एयरफील्ड की लगभग 280 एकड़ भूमि अतिक्रमणमुक्त है और परिचालन के लिए उपलब्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि रक्षा मंत्रालय से एनओसी मिलने के बाद सांसद निधि से भूमि के सीमांकन और पिलरिंग का कार्य किया गया है। इसके अलावा, रक्षा संपदा निदेशालय द्वारा 4.41 करोड़ रुपये की स्वीकृति के बाद पूरे 473 एकड़ क्षेत्र की बाउंड्री पिलरिंग और फेंसिंग का काम भी पूरा हो चुका है।
सांसद डॉ. सुमन ने कहा कि गोपालगंज और सिवान के लगभग 1.5 से 2 लाख लोग खाड़ी देशों में कार्यरत हैं। हवाई सेवा की कमी के कारण लोगों को दिल्ली और अन्य महानगरों तक सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ती है। यदि सबेया एयरफील्ड चालू होता है, तो गोपालगंज के साथ-साथ सिवान, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सारण और उत्तर प्रदेश के देवरिया के लाखों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। इससे व्यापार, उद्योग, निवेश, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा, थावे शक्तिपीठ आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर हवाई संपर्क प्राप्त होगा।
















