Highway Collapse in Uttarkashi: गंगोत्री हाईवे धंसा, दो घंटे तक ठप रहा आवागमन

उत्तरकाशी के भटवाड़ी क्षेत्र में रविवार रात हुई भारी वर्षा के चलते गंगोत्री हाईवे का लगभग 70 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे हाईवे पर जगह-जगह दरारें पड़ गईं। इस घटना
उत्तरकाशी के भटवाड़ी क्षेत्र में रविवार रात हुई भारी वर्षा के चलते गंगोत्री हाईवे का लगभग 70 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे हाईवे पर जगह-जगह दरारें पड़ गईं। इस घटना के कारण वाहनों की आवाजाही लगभग दो घंटे तक प्रभावित रही। घटना की सूचना मिलने पर सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धंसाव प्रभावित क्षेत्र में मिट्टी भरकर अस्थायी रूप से वाहनों की आवाजाही को बहाल किया। हालांकि, मौसम की स्थिति को देखते हुए यहां फिर से हाईवे के धंसने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीआरओ ने कुछ स्थानों पर सुरक्षात्मक कार्य किए हैं, लेकिन कई महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा उपायों की कमी है।
गंगोत्री हाईवे, जो भटवाड़ी से हेल्गूगाड तक फैला हुआ है, भू-धंसाव के लिए संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। वर्ष 2010 में भी इस मार्ग पर भू-धंसाव की घटनाएं हुई थीं, जिसके कारण कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा था। रविवार रात की बारिश के बाद पापड़गाड के पास अचानक हाईवे का एक बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे वहां दरारें उभर आईं। इस घटना के कारण सुबह छह से आठ बजे के बीच भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई। कांवड़ यात्रा पर निकले कई दुपहिया वाहन चालक भी इस दौरान फंसे रहे।
















