Iran releases video of Mojtaba Khamenei amid health rumors: ईरान ने जारी किया मुजतबा खामेनेई का वीडियो; स्वास्थ्य पर इसराइली मीडिया में चल रही थीं अफवाहें
ईरान के सर्वोच्च नेता मुजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर इसराइली मीडिया में चल रही गंभीर अफवाहों के बीच तेहरान ने उनका एक वीडियो जारी किया है। यह वीडियो ईरान क
ईरान के सर्वोच्च नेता मुजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर इसराइली मीडिया में चल रही गंभीर अफवाहों के बीच तेहरान ने उनका एक वीडियो जारी किया है। यह वीडियो ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी मेहर न्यूज ने जारी किया। वीडियो की तारीख और इसे कब रिकॉर्ड किया गया, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पिछले कुछ दिनों से इसराइली मीडिया में उनके स्वास्थ्य को लेकर गंभीर दावे किए जा रहे थे। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि मुजतबा खामेनेई की हालत बेहद गंभीर है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को इसराइली चैनल 14 ने ईरान के भीतर मौजूद सूत्रों के हवाले से दावा किया कि मुजतबा खामेनेई की हालत 'बेहद गंभीर' है। इससे पहले द जेरूसलम पोस्ट ने ईरानवायर और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन के प्रशासन के क़रीब बताए गए सूत्रों के हवाले से मुजतबा के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी। रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से यहां तक कहा गया था कि 'जल्द ही उनके शहीद होने की खबर आए तो हैरानी नहीं होगी।' हालाँकि, ये दावे स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं हुए।
मुजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर अटकलें उस समय और तेज हो गईं जब ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने सरकारी टीवी को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि सर्वोच्च नेता से सीधे संपर्क करना बहुत मुश्किल हो गया है। इस बयान को ईरान के नेतृत्व की स्थिति को लेकर कई तरह से देखा गया। हालाँकि, पेज़ेशकियन ने यह नहीं कहा कि मुजतबा खामेनेई गंभीर रूप से बीमार हैं या अपना पद संभालने की स्थिति में नहीं हैं। ईरान की ओर से लगातार यह कहा जाता रहा है कि सर्वोच्च नेता अहम फ़ैसलों पर नज़र रख रहे हैं और ज़रूरी निर्देश जारी कर रहे हैं। ऐसे में ईरानी मीडिया की ओर से मुजतबा खामेनेई का वीडियो जारी किया जाना अहम माना जा रहा है। इससे ईरान यह संदेश देने की कोशिश कर सकता है कि सर्वोच्च नेता की हालत को लेकर फैलाई जा रही खबरें सही नहीं हैं।
















