J&K: उधमपुर में दो रणनीतिक सुरंगों को मंजूरी, बर्फबारी से राहत के साथ किसानों को मिलेगा सालभर बाजार संपर्क

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर क्षेत्र के लिए केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सुधमहादेव-ड्रंगा और सिंहपोरा-वेलू सुरंग परियोजनाओं के
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर क्षेत्र के लिए केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सुधमहादेव-ड्रंगा और सिंहपोरा-वेलू सुरंग परियोजनाओं के निर्माण को मंजूरी दी है। इन सुरंगों के निर्माण से पहाड़ी क्षेत्रों में सालभर बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे किसानों को अपनी उपज को बाजार तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी। यह परियोजना उन ऊंचाई वाले इलाकों में बनाई जाएगी, जहां भूस्खलन और सर्दियों में बर्फबारी के कारण सड़क संपर्क अक्सर बाधित हो जाता है। परियोजना के पूरा होने के बाद चिनैनी, उधमपुर, डोडा, किश्तवाड़ और कश्मीर घाटी के बीच आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।
उधमपुर के बश्त पंचायत क्षेत्र के किसान इस परियोजना को लेकर काफी उत्साहित हैं। यह क्षेत्र टमाटर, बीन्स और अन्य मौसमी सब्जियों के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। किसानों का कहना है कि सर्दियों में सड़क बंद होने के कारण उनकी फसलें समय पर बाजार तक नहीं पहुंच पाती थीं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। किसान बलराज चंद ने कहा कि नई सड़क और सुरंग के निर्माण से क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी। उन्होंने बताया कि यात्रा का समय कम होगा और उनकी सब्जियां एवं अन्य कृषि उत्पाद जल्दी और आसानी से बड़े बाजारों तक पहुंच सकेंगे।
















