Big Setback for Jayant Ahead of UP Elections: आरएलडी के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने दिया इस्तीफा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले जयंत चौधरी को बड़ा झटका लगा है। उनकी राष्ट्रीय लोक दल (rld) पार्टी के यूपी अध्यक्ष रामाशीष राय ने शुक्रवार को अपने पद औ
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले जयंत चौधरी को बड़ा झटका लगा है। उनकी राष्ट्रीय लोक दल (RLD) पार्टी के यूपी अध्यक्ष रामाशीष राय ने शुक्रवार को अपने पद और पार्टी, दोनों से इस्तीफा दे दिया। यह इस्तीफा राज्य विधानसभा चुनावों से ठीक सात महीने पहले दिया गया है, जिससे जयंत के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
पूर्व एमएलसी रामाशीष राय ने कहा कि उन्होंने सत्ताधारी बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए की बांटने वाली राजनीति के कारण इस्तीफा दिया है। जानकारी के अनुसार, RLD प्रदेश और केंद्र दोनों जगह एनडीए सरकार का हिस्सा है। राय ने स्किल डेवलपमेंट और शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी को लिखे पत्र में कहा कि लोकतंत्र पर प्रभावशाली और आर्थिक रूप से ताकतवर वर्गों का कब्जा हो रहा है और समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने का चलन बढ़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों के कारण आम लोगों में परेशानी बढ़ रही है। राय ने पत्र में लिखा कि दुर्भाग्य से सार्वजनिक जीवन में ऊंचे पदों पर ऐसे लोग भी हैं जो सामाजिक बंटवारे और जातीय उन्माद को बढ़ावा दे रहे हैं। यह चलन लोकतंत्र, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय हित के लिए खतरा है।
पत्र में आगे लिखा गया है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने राजनीति और चुनावों में पैसे के असर को लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताया था। राय ने कहा, उनकी आशंकाएं आज काफी हद तक सच साबित हो रही हैं। विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता के बजाय राजनीति में आर्थिक ताकत और परिवारवाद का असर बढ़ रहा है, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंच रहा है।
द इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए राय ने कहा कि वह RLD लीडरशिप से नाराज हैं क्योंकि वह एनडीए सरकार के हर फैसले का समर्थन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज बीजेपी एक कॉर्पोरेट संस्था बन गई है जो जाति और धर्म के आधार पर उन्माद फैलाकर समाज को बांट रही है। पिछले महीने, उन्होंने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं के साथ पेपर लीक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में भाग लिया था।
जयंत चौधरी ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले फरवरी 2024 में विपक्षी INDIA गठबंधन छोड़कर एनडीए में शामिल हो गए थे। RLD ने 2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी में NDA के हिस्से के तौर पर चुनाव लड़ा और दो सीटें जीतीं। RLD दशकों से मुख्य रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय है।
रामाशीष राय ने 1975 में JP आंदोलन से जुड़कर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने भाजपा में शामिल होकर पार्टी की राज्य युवा शाखा के प्रमुख के तौर पर काम किया। बाद में उन्होंने कांग्रेस में भी शामिल होकर चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। 2021 में RLD में शामिल होने के बाद उन्हें पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। RLD के सूत्रों ने बताया कि पार्टी को रामाशीष से ऐसे कदम की उम्मीद पहले ही थी, इसलिए पिछले महीने ही वरिष्ठ नेता अनुपम मिश्रा को राज्य पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
RLD के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने रामाशीष के आरोपों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। RLD के साथ मिलकर NDA 2027 में यूपी में फिर से अपनी सरकार बनाएगा। यूपी में जाट बेल्ट की पार्टी कहे जाने वाली रालोद राज्य में बड़ी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ चुकी है।

















