JPSC Investigation in Palamu: सीआईडी ने दो आरोपितों के घर छापेमारी की

झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) गड़बड़ी मामले की जांच अब पलामू जिले तक पहुंच गई है। सोमवार को सीआईडी और पलामू पुलिस की एक संयुक्त टीम ने मामले के दो प्रमुख आरोप
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) गड़बड़ी मामले की जांच अब पलामू जिले तक पहुंच गई है। सोमवार को सीआईडी और पलामू पुलिस की एक संयुक्त टीम ने मामले के दो प्रमुख आरोपितों, संतोष कुमार सिंह और रविशंकर कुमार के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, लैपटॉप और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इन दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीआईडी की टीम ने संतोष कुमार सिंह के मेदिनीनगर के हमीदगंज स्थित आवास और नौडीहा बाजार में उनके पैतृक घर की तलाशी ली। वहीं, दूसरे आरोपित रविशंकर कुमार के मेदिनीनगर के बारालोटा स्थित आवास पर भी छापेमारी की गई। इस अभियान में सदर एसडीपीओ राजेश यादव, विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीव कुमार और छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के साथ सीआईडी की स्थानीय टीम शामिल थी। पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि छापेमारी के दौरान कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज मिले हैं, जिनकी जांच की जाएगी।
सीआईडी की यह कार्रवाई जेपीएससी गड़बड़ी मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है। जांच एजेंसियां जब्त की गई सामग्री के आधार पर संभावित नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि जेपीएससी मेधा घोटाले में झारखंड के अलावा अन्य राज्यों से जुड़े 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। सीआईडी की टीम ने झारखंड के रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद जैसे विभिन्न जिलों में एक साथ छापेमारी शुरू की है। यह कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ है जो जेपीएससी परीक्षा से संबंधित दलाली में शामिल हैं।
















