Pilot's Drug Test Positive After Turbulence Incident: फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट में टर्बुलेंस के बाद पायलट का डोप टेस्ट पॉजिटिव

फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की a320 फ्लाइट में 4 अगस्त को गंभीर टर्बुलेंस की घटना के बाद पायलट के डोप टेस्ट को लेकर एक नया दावा सामने आया है। सूत्रों के अन
फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की A320 फ्लाइट में 4 अगस्त को गंभीर टर्बुलेंस की घटना के बाद पायलट के डोप टेस्ट को लेकर एक नया दावा सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद कराए गए डोप टेस्ट में विमान के कप्तान के साइकोएक्टिव सब्सटेंस के लिए कथित तौर पर पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी मिली है। हालांकि, एयर इंडिया ने इस पर न तो पुष्टि की है और न ही खंडन किया है।
उड़ान के दौरान ओडिशा के पास विमान को अचानक तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे विमान लगभग 300 फीट नीचे आ गया। इस घटना के बाद दिल्ली पहुंचने पर 17 यात्रियों और 4 क्रू सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को फ्लाइंग ड्यूटी से हटा दिया गया है और उन्हें विमान उड़ाने की जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, टर्बुलेंस की घटना के बाद दोनों पायलटों का पोस्ट-फ्लाइट डोप टेस्ट कराया गया था। इनमें से एक पायलट के टेस्ट में साइकोएक्टिव सब्सटेंस पाए जाने का दावा किया गया है। एयर इंडिया ने कहा है कि उसके क्रू सदस्यों का सिविल एविएशन नियमों के तहत नियमित ड्रग टेस्ट होता है। यह प्रक्रिया किसी एक फ्लाइट या घटना तक सीमित नहीं है।
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि पायलटों ने अचानक आए टर्बुलेंस की स्थिति को सही तरीके से संभाला था या नहीं। इसके अलावा यह भी देखा जा रहा है कि टर्बुलेंस मौसम की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई दूसरा कारण था। इसके साथ ही विमान को हुए संभावित तकनीकी नुकसान की भी पड़ताल की जा रही है।
जांच का एक अहम हिस्सा यह भी है कि टर्बुलेंस के बाद विमान को दिल्ली तक ले जाना सही फैसला था या उसे वाराणसी या लखनऊ जैसे नजदीकी एयरपोर्ट पर उतारना चाहिए था। DGCA इन सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय करेगा।
















