Instacart में 1.31 करोड़ का फ्रॉड: मुरादाबाद पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मझोला पुलिस ने ई-कॉमर्स कंपनी इंस्टाकार्ट में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला उजागर किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नोएडा स्
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मझोला पुलिस ने ई-कॉमर्स कंपनी इंस्टाकार्ट में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला उजागर किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नोएडा स्थित इंस्टाकार्ट के फैसिलिटेशन हब में कार्यरत कर्मचारियों ने इस गबन को अंजाम दिया। कंपनी के अधिकारी रामभवन सिंह की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों, मुकेश और गौरव को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 32 कट्टों में छिपाकर रखे गए लगभग 1,000 महंगे डिलीवरी आइटम्स बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस को उनके खिलाफ मजबूत फॉरेंसिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्य भी मिले हैं।
इस मामले में तीसरा मुख्य आरोपी, प्रमोद, जो फरार है, उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि इंस्टाकार्ट के मझोला हब में सामान की डिलीवरी और रिटर्न के प्रबंधन में शामिल कर्मचारी इस गबन में शामिल पाए गए हैं। रामभवन सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि प्रमोद, मुकेश और गौरव मिलकर कंपनी को वित्तीय नुकसान पहुंचा रहे थे।
आरोपियों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के डिलीवरी मैकेनिज्म में सेंध लगाकर 1 करोड़ 31 लाख रुपये के सामान का गबन किया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद तुरंत कार्रवाई की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। धोखाधड़ी के तरीके का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी कैंसिल हुए ऑर्डर्स का फायदा उठाते थे और वापस भेजने के बजाय सामान को बाजार में बेच देते थे। इस प्रकार उन्होंने फर्जी एंट्री और हेरफेर के जरिए 1.31 करोड़ का माल खुर्द-बुर्द कर दिया। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपी की तलाश और बैंक खातों की जांच कर रही है।















