Sonipat News: माइनर का पानी नहीं आने और डीएसआर के सर्वे में धांधली का लगा आरोप

गोहाना। उपमंडल कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर में धान की फसल से संबंधित कई शिकायतें सामने आईं। इस शिविर की अध्यक्षता एसडीएम अंकित कुमार ने की, जिसमें विभिन्न
गोहाना। उपमंडल कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर में धान की फसल से संबंधित कई शिकायतें सामने आईं। इस शिविर की अध्यक्षता एसडीएम अंकित कुमार ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को सुना। गांव रुखी के किसानों ने धान की सीधी बिजाई (डीएसआर) के सर्वे में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए दोबारा सर्वे कराने की मांग की। किसानों का कहना है कि कृषि विभाग द्वारा किए गए सर्वे में उन किसानों के नाम भी शामिल कर दिए गए हैं, जिन्होंने डीएसआर के तहत धान की बिजाई नहीं की है। उन्होंने एसडीएम से अपील की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोबारा सर्वे कराया जाए ताकि सही जानकारी सामने आ सके। इससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं, क्योंकि उनकी फसल की स्थिति पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
इसके अलावा, गांव मातंड, जागसी और अहमदपुर माजरा के किसानों ने गंगेसर माइनर में पानी नहीं पहुंचने की शिकायत की। किसानों ने बताया कि यह माइनर उनकी सिंचाई का मुख्य स्रोत है, लेकिन सफाई न होने और कई स्थानों पर अवरोध होने के कारण पानी नहीं आ पा रहा है। उनका आरोप है कि गांव छिछड़ाना और कुराना के किसानों द्वारा पाइप लगाकर पानी निकालने के कारण अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच रहा है। बारिश की कमी के चलते धान की फसल सूखने की कगार पर है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है।














