Suicides in Chhatarpur: छतरपुर में 24 घंटे के भीतर दो थानों में फरियादियों ने खाया जहर

छतरपुर जिले में हाल ही में दो अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस थाने पहुंचे दो फरियादियों ने आत्मघाती क
छतरपुर जिले में हाल ही में दो अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस थाने पहुंचे दो फरियादियों ने आत्मघाती कदम उठाते हुए जहरीला पदार्थ खा लिया। यह घटनाएँ महज 24 घंटे के भीतर नौगांव और महाराजपुर थाना परिसर में हुईं। इनमें से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवती का अस्पताल में उपचार जारी है। नौगांव थाना क्षेत्र के लहेरापुरवा निवासी राजकुमार कुशवाहा ने भूमि विवाद और मारपीट की शिकायत पुलिस से की थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की, जिससे आहत होकर राजकुमार ने शनिवार रात जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई करती, तो राजकुमार की जान बच सकती थी। दूसरी घटना रविवार को महाराजपुर थाना परिसर में हुई, जहां पिंकी नायक नाम की युवती ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। युवती के जहर खाने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पिंकी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसने न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाया है और थाना प्रभारी पर रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। इन दोनों घटनाओं के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने जांच के आदेश दिए हैं। एक ही जिले में 24 घंटे के भीतर पुलिस थानों से जुड़े दो मामलों ने शिकायतों के निराकरण और पुलिस की जवाबदेही को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है।

















