Turbulence in Air India Flight: फुकेत से दिल्ली आ रही फ्लाइट में अचानक टर्बुलेंस

फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट ai2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। इस घटना के दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक बदला
फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। इस घटना के दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव देखने को मिला, जिससे कई यात्रियों को जोरदार झटके महसूस हुए। इस टर्बुलेंस के कारण 10 यात्री और चार क्रू सदस्य मामूली रूप से घायल हो गए। हालांकि, विमान ने सुबह करीब 11 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। घायलों को एहतियातन एयरपोर्ट स्थित मेडिकल सेंटर में जांच और उपचार के लिए भेजा गया। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अगस्त के महीने में फुकेत से दिल्ली का हवाई मार्ग इतना संवेदनशील क्यों माना जाता है।
फुकेत से दिल्ली आने वाली उड़ान अंडमान सागर, बंगाल की खाड़ी, ओडिशा तट और मध्य भारत से होकर गुजरती है। अगस्त में मानसून अपने चरम पर होता है, और यही इलाका दुनिया के सबसे सक्रिय संवहनी हवाई गलियारों में शामिल हो जाता है। इस दौरान वातावरण में लगातार ऊपर उठती गर्म और नम हवा बड़े-बड़े तूफानी बादलों का निर्माण करती है, जिससे उड़ानों के दौरान टर्बुलेंस का खतरा बढ़ जाता है। अगस्त में पूर्वी और उत्तरी भारत के मैदानी इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय रहता है। दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी का समुद्री तापमान लगभग 28 से 29 डिग्री सेल्सियस रहता है, जिससे बड़ी मात्रा में गर्म और नम हवा वातावरण में पहुंचती है। यह हवा ऊपर उठकर विशालकाय तूफानी बादलों का निर्माण करती है, जो 16 किलोमीटर तक की ऊंचाई तक पहुंच सकते हैं।
















