Uttarakhand BJP's Election Strategy: युवा मतदाताओं पर ध्यान केंद्रित

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने राज्य की कोर कमेटी के साथ संवाद को तेज कर दिया है। बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित बै
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने राज्य की कोर कमेटी के साथ संवाद को तेज कर दिया है। बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने संगठन की तैयारियों, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और विधानसभा चुनाव की रणनीति की समीक्षा की। इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद थे। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तीकरण, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार, जनसंपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों की प्रगति पर चर्चा की गई। राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रत्येक कार्यक्रम की जमीनी रिपोर्ट लेकर संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
बैठक में विशेष रूप से पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं और 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर चर्चा की गई। संगठन का मानना है कि 2027 के चुनाव में युवा मतदाता निर्णायक भूमिका निभाएंगे। इसलिए युवा मोर्चा, कालेज संपर्क अभियान, डिजिटल संवाद और राष्ट्रवादी कार्यक्रमों के माध्यम से इस वर्ग से जुड़ाव बढ़ाने पर जोर दिया गया है। यह बैठक मई में देहरादून में हुई प्रदेश कोर कमेटी की बैठक का फॉलोअप माना जा रहा है, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तराखंड की 17 सदस्यीय कोर कमेटी को सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करने और बूथ स्तर तक बैठकें करने के निर्देश दिए थे।
भाजपा ने स्थानीय समस्याओं का फीडबैक लेकर सरकार तक पहुंचाने का भी कार्य किया है। प्रदेश कोर कमेटी की पहली बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारी, संगठन की मजबूती, सरकार-संगठन समन्वय और जीत की संभावना के आधार पर राजनीतिक रणनीति पर मंथन किया गया था। पार्टी ने तब से लगातार सर्वे, संगठन विस्तार, बूथ आधारित अभियान और युवाओं के बीच पहुंच बढ़ाने को चुनावी तैयारी का आधार बनाया है। हाल के महीनों में भाजपा ने प्रशिक्षण अभियान, तिरंगा यात्रा और विभिन्न युवा-केंद्रित कार्यक्रमों के जरिए नए मतदाताओं से संवाद बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है।















