Haryana Congress's New Strategy: अभियानों से आगे बढ़कर जवाबदेही और रिव्यू पर जोर; सोनीपत से शुरू होगा संजय दत्त का दौरा

हरियाणा कांग्रेस ने अपने संगठनात्मक ढांचे को अभियान आधारित व्यवस्था से निकालकर नियमित समीक्षा और जवाबदेही के मॉडल पर स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस नई रणनीत
हरियाणा कांग्रेस ने अपने संगठनात्मक ढांचे को अभियान आधारित व्यवस्था से निकालकर नियमित समीक्षा और जवाबदेही के मॉडल पर स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस नई रणनीति के तहत पार्टी के हरियाणा प्रभारी संजय सतीशचंद्र दत्त अपने तीसरे चरण के दौरे की शुरुआत सोनीपत से करेंगे। यह दौरा सात अगस्त से शुरू होगा और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह पूरे दौरे में उनके साथ रहेंगे। इस चरण में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा, बूथ स्तर तक विस्तार की रणनीति और चुनावी तैयारियों को गति देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सात अगस्त को सोनीपत में सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें जिला इकाइयों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया जाएगा और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।
आठ अगस्त को एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एसआइआर अभियान के बाद 34 लाख वोट काटे जाने की स्थिति पर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इसके बाद, नौ और 10 अगस्त को संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह पानीपत जिले का दौरा करेंगे। इस दौरे के दौरान सोनीपत और पानीपत में जिला कमेटियों और विधानसभा स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ संगठन, जनसंपर्क और स्थानीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। पार्टी नेतृत्व ने अब तक 10 जिलों का दौरा पूरा कर लिया है और शेष जिलों में भी इसी तर्ज पर संवाद अभियान जारी रहेगा। कांग्रेस ने संगठन विस्तार को नियमित प्रक्रिया बनाने के लिए मासिक कार्य कैलेंडर लागू किया है।
इस कैलेंडर के तहत प्रत्येक माह एक से पांच तारीख तक ब्लाक कांग्रेस कमेटियों, एक से 10 तारीख तक जिला कांग्रेस कमेटियों और 10 से 15 तारीख तक जिला इकाइयों की समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त स्वयं भाग लेकर संगठनात्मक प्रगति का आकलन करेंगे। प्रदेश कांग्रेस ने 180 ब्लाक कांग्रेस कमेटियों में से लगभग 150 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति पूरी होने का दावा किया है। इसके साथ ही 10 जिलों में मंडल स्तर का गठन भी पूरा हो चुका है। अब लक्ष्य शेष जिलों में यह प्रक्रिया पूरी कर बूथ स्तर तक मजबूत संगठनात्मक ढांचा खड़ा करना है। जिलाध्यक्षों को इसी माह नाम तय कर 31 अगस्त तक सूची प्रदेश नेतृत्व को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद सितंबर और अक्टूबर में जिला, ब्लाक और मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का मानना है कि मजबूत, प्रशिक्षित और जवाबदेह संगठन ही चुनावी मुकाबले में उसकी सबसे बड़ी ताकत बनेगा। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय सतीशचंद्र दत्त ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार नहीं, बल्कि गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय तथा जवाबदेह ढांचा तैयार करना है।
















