Armed Robbery in Bhojpur: किराना दुकान में घुसे बदमाश, 35 हजार रुपये लूटकर फरार

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक किराना दुकान में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर दुकानदार से 35 हजार रुपये लूट लिए
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक किराना दुकान में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर दुकानदार से 35 हजार रुपये लूट लिए। यह घटना संदेश बाजार स्थित एक दुकान में हुई, जहां अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर दुकानदार से पैसे छीन लिए। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाशों की हरकतें कैद हुई हैं। घटना के बाद से बाजार और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित दुकानदार भोला प्रसाद गुप्ता बाघा गांव के निवासी हैं और उन्होंने संदेश बाजार में अपनी किराना दुकान खोली हुई है। मंगलवार की रात करीब नौ बजे जब वह अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी एक बाइक पर सवार तीन हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे। इन बदमाशों ने दुकानदार को हथियार दिखाकर गल्ले में रखे 35 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद दुकानदार ने तुरंत संदेश थाना पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की।


















