Murder in Love Triangle: छतरपुर में प्रेमिका के पिता और मामा ने प्रेमी की हत्या की

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र स्थित ग्राम घटरा में एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। यह घटना प्रेम प्रसंग के विवाद के चलते हुई
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र स्थित ग्राम घटरा में एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। यह घटना प्रेम प्रसंग के विवाद के चलते हुई, जिसमें आरोपियों ने लाठियों से पीट-पीटकर युवक अरविंद कुशवाहा की जान ले ली। जानकारी के अनुसार, जब अरविंद माल पहाड़ी क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी युवती के पिता, मामा और अन्य साथियों ने उसे रोक लिया और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर हालत में अरविंद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। एएसपी आदित्य पटले और एसडीओपी लवकुश नगर नवीन दुबे के मार्गदर्शन में पुलिस ने तीन आरोपियों, रामदीन कुशवाहा, पूरन कुशवाहा और ओमप्रकाश कुशवाहा को पकड़ा।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे, मृतक की मोटरसाइकिल और मोबाइल के अलावा अन्य मोटरसाइकिलें और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। थाना प्रभारी आर एन पटेरिया ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। यह घटना प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर हुई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।



















