Four robbers break into lawyer's house in Kurukshetra: कुरुक्षेत्र में वकील बलवंत वालिया के घर घुसे 4 बदमाश, 2.5 करोड़ की लूट

हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पॉश सेक्टर-7 में एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। चार अज्ञात बदमाशों ने सीनियर एडवोकेट बलवंत वालिया के घर में घुसकर उनकी पत्नी को गन
हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पॉश सेक्टर-7 में एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। चार अज्ञात बदमाशों ने सीनियर एडवोकेट बलवंत वालिया के घर में घुसकर उनकी पत्नी को गन पॉइंट पर बंधक बना लिया और करीब दो घंटे तक घर में रहे। इस दौरान बदमाशों ने कैश, सोना, चांदी और अन्य कीमती सामान लूट लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और अधिवक्ताओं में भी गहरा रोष देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सेक्टर-7 स्थित कोठी नंबर 1202 की है। जब यह वारदात हुई, तब एडवोकेट बलवंत वालिया अपने डॉग को घुमाने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चार अज्ञात लुटेरे उनके घर में दाखिल हो गए और उनकी पत्नी को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। आरोप है कि बदमाशों ने महिला के हाथ-पैर और मुंह बांध दिए और पूरे घर को खंगाला।
पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाश करीब दो घंटे तक घर के अंदर मौजूद रहे और उन्होंने घर में रखी नकदी, सोना, चांदी और अन्य कीमती सामान अपने कब्जे में ले लिया। परिवार का कहना है कि बदमाश जीवनभर की जमा पूंजी लेकर फरार हुए हैं। जाते समय आरोपियों ने दोबारा आने की धमकी भी दी, जिससे परिवार में भय का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का प्रयास कर रही है। वहीं, कुरुक्षेत्र के अधिवक्ताओं में भारी रोष फैल गया है। वकीलों ने इस वारदात के विरोध में वर्क सस्पेंड कर दिया और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।



















