Army Recruitment Rally in Magadh University: अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारियां शुरू, बिहार के हजारों युवाओं को मिलेगा अवसर

बोधगया से संवाद सूत्र। मगध विश्वविद्यालय एक बार फिर भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन करने जा रहा है, जो आगामी फरवरी में प्रस्तावित है। इस भर्ती रैली
बोधगया से संवाद सूत्र। मगध विश्वविद्यालय एक बार फिर भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन करने जा रहा है, जो आगामी फरवरी में प्रस्तावित है। इस भर्ती रैली के लिए तैयारियों का काम शुरू हो चुका है। दक्षिण बिहार सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल आर. मदन मोहन ने बुधवार को मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी से मुलाकात की, जिसमें उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर का मैदान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस मुलाकात के दौरान कुलपति ने कर्नल का स्वागत करते हुए उन्हें अंगवस्त्र और बोधि पत्र भेंट किया। कुलपति ने कहा कि यह गर्व की बात है कि विश्वविद्यालय युवाओं को रोजगार और देशसेवा का अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सेना भर्ती जैसे राष्ट्रीय महत्व के आयोजनों के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि फरवरी में होने वाली भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन पूरा सहयोग करेगा।
कर्नल आर. मदन मोहन ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष 3 से 20 मार्च के बीच मगध विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली में दक्षिण बिहार के 11 जिलों के अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। इस भर्ती प्रक्रिया में लगभग 82 प्रतिशत सफल अभ्यर्थियों का चयन भारतीय सेना में किया गया था। ये अभ्यर्थी वर्तमान में बिहार रेजिमेंट सेंटर के 234 केंद्र सहित अन्य प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कर्नल ने पिछले भर्ती रैली के सफल आयोजन में मगध विश्वविद्यालय प्रशासन और गया जिला प्रशासन के सहयोग की सराहना की। उन्होंने तत्कालीन कुलपति प्रो. शशि प्रताप शाही और तत्कालीन जिलाधिकारी शशांक शुभंकर के प्रति आभार व्यक्त किया।



















