Exchange Program in UP: यूक्रेन की छात्राएं सीखेंगी हिंदी, 10 से 27 अगस्त तक चलेगा एक्सचेंज प्रोग्राम; पढ़ेंगी भारतीय इतिहास

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाते हुए एक विशेष छात्र विनिमय कार्यक्रम की घोषणा की है। इस कार्यक्रम के
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाते हुए एक विशेष छात्र विनिमय कार्यक्रम की घोषणा की है। इस कार्यक्रम के तहत, यूक्रेन की तरास शेवचेन्को नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ कीव के दो विद्यार्थी, दिआना नेचिपोरूक और कतेरीना कांतोर, 10 से 27 अगस्त तक हिंदी भाषा का अध्ययन करेंगे। यह कार्यक्रम दोनों विश्वविद्यालयों के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत संचालित किया जा रहा है। इस छात्र विनिमय कार्यक्रम के अंतर्गत, ये छात्राएं न केवल हिंदी भाषा सीखेंगी, बल्कि भारतीय इतिहास, हिंदी साहित्य, संस्कृति, समाज और दर्शन का भी अध्ययन करेंगी। इसके लिए विशेष पाठ्यक्रम तैयार किया गया है, जिसमें भाषा सीखने के साथ-साथ भारतीय जीवन-मूल्यों, पारिवारिक परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता की गहन समझ विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि आज के वैश्विक दौर में अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम शिक्षा को अनुभवात्मक और बहुआयामी बनाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यूक्रेन से आने वाले विद्यार्थी हिंदी में दक्षता हासिल करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और जीवन-दर्शन को भी गहराई से समझेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल भाषा की शिक्षा है, बल्कि यह विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति के विभिन्न पहलुओं से भी अवगत कराना है। केएमआई के निदेशक प्रो. प्रदीप श्रीधर ने कहा कि यह एमओयू दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग को नई दिशा देगा, जिससे विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अध्ययन, शोध और अकादमिक संवाद के बेहतर अवसर मिलेंगे।



















