High-tech examination system in RMPU: आरएमपीयू की परीक्षा व्यवस्था होगी हाईटेक

आरएमपीयू ने अपने सभी संबद्ध महाविद्यालयों में परीक्षा प्रक्रिया को आधुनिक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाने की योजना बनाई है। इसके तहत ऑनलाइन प्रश्नपत्र, डिज
आरएमपीयू ने अपने सभी संबद्ध महाविद्यालयों में परीक्षा प्रक्रिया को आधुनिक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाने की योजना बनाई है। इसके तहत ऑनलाइन प्रश्नपत्र, डिजिटल मूल्यांकन, सीसीटीवी निगरानी और बायोमीट्रिक उपस्थिति प्रणाली को लागू करने की तैयारी की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह से तकनीक आधारित बनाना है, जिससे प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनी रहे और परीक्षा संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। इसके लिए विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों से एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट मांगी है, ताकि इस योजना को समय पर लागू किया जा सके। राज्यपाल सचिवालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशों और कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह के मार्गदर्शन में यह पहल शुरू की गई है।
इस नई प्रणाली के तहत, परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन प्रश्नपत्रों का प्रेषण, डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी और बायोमीट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था को लागू करने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाएगा। इसके लिए सभी संबद्ध महाविद्यालयों से विस्तृत प्रतिवेदन मांगा गया है। मीडिया प्रभारी गगन प्रताप सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों से विशेष रूप से वित्तीय व्यवहार्यता, तकनीकी व्यवहार्यता और परिचालन व्यवहार्यता पर अपनी आख्या देने को कहा है। इस प्रक्रिया से न केवल परीक्षा के संचालन में सुधार होगा, बल्कि विद्यार्थियों को समय पर परीक्षा परिणाम भी उपलब्ध कराए जा सकेंगे।



















